शिक्षा को बताया सफलता की कुंजी, CM साय ने बेमेतरा में की दो बड़ी घोषणाएं
रायपुर, बेमेतरा में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिक्षा को व्यक्ति और समाज की प्रगति का आधार बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य को संवारने के साथ उन्हें संस्कार और सही दिशा देते हैं। मजबूत शिक्षा व्यवस्था ही विकसित समाज और राष्ट्र की नींव तैयार करती है।
बेसिक स्कूल मैदान में हुए जिला स्तरीय समारोह में जिले के 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया गया। इसके अलावा परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 42 मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते दौर में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा देना जरूरी है। सरकार का प्रयास है कि गांव हो या शहर, हर बच्चे को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
गौरव पथ के लिए 2 करोड़, तिवरिया में बनेगा सब-स्टेशन
मुख्यमंत्री ने बेमेतरा शहर में गौरव पथ के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। साथ ही ग्राम तिवरिया में नए विद्युत सब-स्टेशन के निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास भी सरकार की प्राथमिकता है।
समारोह में “मोर गांव मोर पानी” अभियान के तहत जल संरक्षण के बेहतर कार्यों के लिए बेमेतरा, बेरला और नवागढ़ जनपद पंचायतों को सम्मान मिला। मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों से जुड़ा विषय बताते हुए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री दयाल दास बघेल ने भी शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए सम्मानित शिक्षकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।