BRICS की अध्यक्षता से बढ़ा भारत का वैश्विक कद, CM साय बोले- ग्लोबल साउथ की आवाज होगी मजबूत
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक भूमिका लगातार मजबूत हुई है। वर्ष 2026 में भारत को BRICS की अध्यक्षता मिलने और 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिलना देश की बढ़ती प्रतिष्ठा और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि BRICS की अध्यक्षता भारत के लिए केवल एक अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी नहीं, बल्कि दुनिया के सामने अपनी विकास क्षमता और नेतृत्व को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। भारत अब अपने हितों के साथ-साथ विकासशील देशों और ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं को भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से सामने रख रहा है।
भारत ने इस बार BRICS अध्यक्षता के लिए “Building Resilience, Innovation, Cooperation, and Sustainability” को थीम बनाया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक यह थीम वैश्विक सहयोग, तकनीकी नवाचार, सतत विकास और साझा प्रगति पर भारत के दृष्टिकोण को सामने रखती है।
साय ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख स्पष्ट रहा है। वहीं डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, वित्तीय समावेशन और तकनीक के जरिए आम लोगों की जिंदगी में बदलाव लाने का भारतीय मॉडल भी दूसरे देशों के लिए उदाहरण बन रहा है। BRICS जैसे मंचों के जरिए इन अनुभवों को साझा करने और आपसी सहयोग बढ़ाने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका का असर राज्यों पर भी दिखाई देगा। निवेश, नई तकनीक, नवाचार और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर तैयार हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य के साथ छत्तीसगढ़ भी विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत की BRICS अध्यक्षता के लिए बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि भारत का नेतृत्व वैश्विक सहयोग को नई मजबूती देगा और ग्लोबल साउथ की आवाज को अंतरराष्ट्रीय मंच पर और प्रभावी बनाएगा।