धमतरी की महिला किसानों ने गट्टासिल्ली FPC को बनाया ग्रामीण उद्यमिता की मिसाल
रायपुर, धमतरी जिले के नगरी विकासखंड में गट्टासिल्ली फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (FPC) ग्रामीण उद्यमिता और महिला नेतृत्व की मिसाल बनकर उभरी है। पांच वर्षों की यात्रा में किसानों और महिला कृषकों ने मिलकर किसान-स्वामित्व वाले व्यवसाय का मजबूत मॉडल तैयार किया है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित FPC की वार्षिक आमसभा में करीब 550 महिला और पुरुष शेयरधारक शामिल हुए। नगरी के पांच क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) से पहुंचे सदस्यों ने कंपनी की पांच वर्षों की प्रगति, वित्तीय स्थिति, लाभांश और आगामी योजनाओं पर चर्चा की। FPC से जुड़ी महिलाओं ने बताया कि निरंतर संवाद और पारदर्शी कार्यशैली से किसानों में संस्थागत स्वामित्व और विश्वास मजबूत हुआ है।
गट्टासिल्ली FPC किसानों को केवल कच्चे माल के उत्पादक के बजाय प्रसंस्करण और विपणन से जोड़ने पर काम कर रही है। सुगंधित धान और नगरी दुबराज के संगठित विपणन के साथ लघु वनोपज और अन्य कृषि उत्पादों के लिए नए बाजार तलाशे जा रहे हैं, ताकि किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य मिल सके।
FPC में महिला किसानों की सक्रिय भागीदारी ने ग्रामीण महिलाओं के लिए उद्यमिता और निर्णय प्रक्रिया के नए अवसर खोले हैं। वार्षिक आमसभा में महिलाओं और बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति और पुनर्योजी कृषि पद्धतियों का संदेश भी दिया।
आने वाले समय में गट्टासिल्ली FPC का फोकस उत्पादों की गुणवत्ता, ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग और व्यापक बाजार नेटवर्क तैयार करने पर रहेगा। किसानों की सामूहिक भागीदारी और महिला नेतृत्व के जरिए FPC ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।