धमतरी में 498 आंगनबाड़ी केंद्रों में हुआ आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम
रायपुर, धमतरी जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिले के 1,164 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 30 सितंबर तक 498 केंद्रों में यह आयोजन पूरा हो चुका है। 25 सितंबर से शुरू हुआ अभियान 6 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। ‘मेरी पौष्टिक थाली’, पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शनी, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, चित्रकला, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। महिलाओं के लिए रंगोली, मेहंदी, फुगड़ी, रस्साकशी, मटकी फोड़ और कुर्सी दौड़ जैसी गतिविधियां भी कराई जा रही हैं।
अभियान के तहत ‘न्योता भोज’ के माध्यम से बच्चों को पौष्टिक भोजन कराया जा रहा है। वहीं ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ अभियान के जरिए परिवारों को मुनगा को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
अब तक आयोजित कार्यक्रमों में 2,171 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों ने भागीदारी की है। 6,543 से अधिक बच्चों, 4,379 से अधिक महिलाओं और 6,033 से अधिक पुरुषों की सहभागिता दर्ज की गई है।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने नागरिकों से आंगनबाड़ी केंद्रों के खिलौना बैंक में पुराने या नए, सुरक्षित और उपयोगी खिलौने दान करने की अपील की है। विभाग के अनुसार, खिलौने बच्चों की रचनात्मकता, जिज्ञासा और बौद्धिक विकास में सहायक होते हैं।