दिसंबर में स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारी तेज, निर्वाचन आयुक्त ने विभागों से ली जानकारी
रायपुर, छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगर पालिका और त्रिस्तरीय पंचायत के आम एवं उप निर्वाचन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में रिक्त पदों, आरक्षण, परिसीमन और चुनाव के लिए जरूरी मानव संसाधन की उपलब्धता की जानकारी ली गई।
राज्य निर्वाचन आयोग ने स्थानीय निकायों के लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम पहले ही जारी कर दिया है। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद दिसंबर में प्रस्तावित आम और उप निर्वाचन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
पंचायतों में इतने पदों पर होगा चुनाव
पंचायत चुनाव के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरिया और कोंडागांव जिलों की 9 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 126 पंच पदों के लिए आम निर्वाचन प्रस्तावित है। इसके अलावा 1 जनपद पंचायत सदस्य, 92 सरपंच और 721 पंच पदों के लिए उप निर्वाचन कराया जाना है।
15 नगरीय निकायों में आम चुनाव
नगरीय निकायों में नवगठित नगर पंचायत तमनार और नगर पंचायत बड़ी करेली के साथ नगरपालिक निगम भिलाई-चरौदा, रिसाली, जामुल और बिरगांव समेत कुल 15 नगरीय निकायों में आम निर्वाचन प्रस्तावित है। इसके अलावा नगर पंचायत बिलाईगढ़ के अध्यक्ष पद और अलग-अलग नगरीय निकायों के 6 वार्ड पार्षद पदों के लिए उप निर्वाचन होगा।
समय-सीमा में पूरी करनी होगी तैयारी
बैठक में संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को चुनाव से जुड़ी तैयारियां आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू चुनाव के लिए सभी जरूरी प्रक्रियाएं तय समय-सीमा में पूरी की जाएं।
बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी सहित नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।