सरगुजा ओलंपिक से निखरेंगी ग्रामीण खेल प्रतिभाएं, युवाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का मंच
लखनपुर में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का समापन, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
रायपुर, सरगुजा के ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए सरगुजा ओलंपिक महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। यह बात पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने शनिवार को पीएम श्री विद्यालय, लखनपुर में आयोजित ब्लॉक स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026 के समापन समारोह में कही। कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक प्रमोद मिंज भी मौजूद रहे।
ग्रामीण खिलाड़ियों को मिल रहा अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर
समापन समारोह में मंत्री राजेश अग्रवाल ने खिलाड़ियों के उत्साह, खेल कौशल और प्रतिस्पर्धा की भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलंपिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और युवाओं को बड़े लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित करने का माध्यम है। ऐसे आयोजन खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और आपसी सद्भाव को भी मजबूत करते हैं।
प्रदेश और देश में नाम रोशन करने का दिया संदेश
मंत्री ने कहा कि सरगुजा के युवाओं में प्रतिभा और मेहनत की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें बेहतर अवसर, नियमित अभ्यास और उचित मार्गदर्शन देने की। दृढ़ संकल्प और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने वाले खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश और देश की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए परिवार, समाज, शिक्षकों और प्रशिक्षकों का सहयोग भी जरूरी है।
खेलों से बढ़ता है आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल
खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए अग्रवाल ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। प्रतियोगिता में जीत मिलने पर आत्मविश्वास बढ़ता है, जबकि हार अपनी कमियों को पहचानकर बेहतर तैयारी करने की सीख देती है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास करने और पूरे समर्पण के साथ खेल भावना बनाए रखने की अपील की।
खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों के जरिए देश में खेल संस्कृति और शारीरिक फिटनेस को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में भी युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और खेल सुविधाओं के विकास के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, ऊर्जावान और अनुशासित युवा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।
लखनपुर में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
पीएम श्री विद्यालय, लखनपुर में आयोजित प्रतियोगिता में ग्रामीण क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में अपनी दक्षता और जीत का जज्बा दिखाया। प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों को अपनी क्षमताएं परखने और खेलों में आगे बढ़ने का अवसर दिया। आयोजन में खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।
समापन समारोह में मंत्री ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल के मैदान में उतरने वाला हर खिलाड़ी प्रोत्साहन का पात्र है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों से अपनी सफलता को आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाने और अन्य प्रतिभागियों से अधिक मेहनत के साथ अगली प्रतियोगिता की तैयारी करने की अपील की। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।