छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर पीएम मोदी का संदेश, मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेशवासियों को भेजे गए शुभकामना संदेश पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आभार व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के आत्मीय पत्र को प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों के लिए प्रेरणा और गौरव का विषय बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का स्नेह और मार्गदर्शन विकसित एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए नई ऊर्जा प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने आभार पत्र में कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर प्रदेशवासियों की वर्षों पुरानी आकांक्षाओं को पूरा किया था। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उनके समृद्ध एवं विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध मिली सफलता से बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का नया दौर शुरू हो रहा है। नियद नेल्लानार योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों से जनजातीय युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 25 लाख से अधिक धान उत्पादक किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ मिल रहा है। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके अलावा गरीब परिवारों को राशन, आवास, पेयजल, गैस कनेक्शन और आयुष्मान योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई सेवाओं के विस्तार से निवेश एवं रोजगार की नई संभावनाएं बन रही हैं। 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं, आधुनिक रेल सेवाओं और चार हवाई अड्डों के नेटवर्क से कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है। वहीं नवा रायपुर को आधुनिक तकनीक, डिजिटल नवाचार और औद्योगिक विकास के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को पूरा करने में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और प्रदेशवासियों की सहभागिता से अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का समृद्ध, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।