सहायक शिक्षक भर्ती में संशोधन, दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिलेगा आवेदन का मौका
रायपुर, छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती-2026 के नियमों में महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है। उच्च न्यायालय के आदेश के पालन में लोक शिक्षण संचालनालय ने शुद्धि पत्र जारी कर दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित और सेरेब्रल पाल्सी श्रेणी के दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी ऑनलाइन आवेदन का अवसर देने का प्रावधान किया है। इस भर्ती के तहत ई-संवर्ग और टी-संवर्ग में कुल 2292 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है।
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, राज्य की शासकीय शालाओं में सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 24 जुलाई 2026 को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया था। भर्ती से संबंधित याचिका WPS No. 6783 of 2026 (मीनाक्षी मंगलकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य) में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा 9 अक्टूबर 2026 को दिए गए निर्णय के अनुपालन में विज्ञापन में संशोधन किया गया है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों की पात्रता में बदलाव
जारी शुद्धि पत्र के अनुसार, समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की संशोधित अधिसूचना के अनुरूप सहायक शिक्षक पद के लिए उपयुक्त दिव्यांगता की श्रेणियों में दृष्टिबाधित (Blind), श्रवणबाधित (Deaf) और सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy) को शामिल किया गया है। इसके साथ ही भर्ती विज्ञापन की कंडिका 05 के उपखंड (iv) को विलोपित कर दिया गया है। दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित पदों का समूहवार और श्रेणीवार वितरण सामान्य प्रशासन विभाग के 5 मार्च 2019 के निर्देशों के अनुरूप किया गया है।
ई-संवर्ग में 795 और टी-संवर्ग में 1497 पद
सहायक शिक्षक भर्ती-2026 के तहत कुल 2292 पदों पर भर्ती की जा रही है। इनमें ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1497 पद शामिल हैं। ई-संवर्ग में रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, रायगढ़ और बिलासपुर जिले शामिल हैं।
वहीं, टी-संवर्ग में बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, गरियाबंद और बालोद जिले शामिल हैं।
ऑनलाइन आवेदन की तारीख अलग से होगी घोषित
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित और सेरेब्रल पाल्सी श्रेणी के पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अलग से घोषित की जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन की तारीख और अन्य दिशा-निर्देशों के लिए मंडल की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखनी चाहिए।
संचालनालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि 24 जुलाई 2026 को जारी मूल भर्ती विज्ञापन की अन्य सभी शर्तें और प्रावधान पूर्ववत लागू रहेंगे। इस संशोधन से संबंधित दिव्यांग अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने का अवसर मिल सकेगा।