राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने माँ दंतेश्वरी के किए दर्शन, देश की सुख-समृद्धि की कामना
जगदलपुर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित माँ दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने माँ दंतेश्वरी से देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर परिसर में राष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उपस्थित रहे। दोनों ने माँ दंतेश्वरी के दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि माँ दंतेश्वरी के प्रति बस्तरवासियों की अटूट श्रद्धा है। देवी माँ बस्तर की आस्था और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। राष्ट्रपति का मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आगमन बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अपनी विशिष्ट जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और जीवन मूल्यों के लिए देश-दुनिया में विशेष पहचान रखता है। यहां की संस्कृति में प्रकृति, आस्था और सामाजिक जीवन का गहरा संबंध है। राष्ट्रपति के प्रवास से बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि माँ दंतेश्वरी मंदिर बस्तर के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्रों में से एक है। देवी माँ के प्रति लोगों की गहरी आस्था क्षेत्र की सदियों पुरानी परंपराओं से जुड़ी हुई है। यह मंदिर बस्तर की धार्मिक पहचान, लोकविश्वास और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है।