पीएम जनमन आवास में ठगी के आरोप में तीसरे ठेकेदार पर FIR
कबीरधाम में तीन ठेकेदारों के खिलाफ मामला दर्ज, हितग्राहियों से 7.49 लाख रुपये की ठगी का आरोप
रायपुर, प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत मकान बनाने के नाम पर हितग्राहियों से पैसे लेने और निर्माण कार्य पूरा नहीं करने के मामले में कबीरधाम जिले में तीसरे ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बोड़ला विकासखंड के ग्राम दुलदुला में तीन हितग्राहियों की शिकायत पर ठेकेदार शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान के विरुद्ध चिल्फी थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने स्पष्ट किया है कि आवास के नाम पर हितग्राहियों से धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम दुलदुला के हितग्राही राजिम धुर्वे, उनके बड़े भाई सोनेलाल धुर्वे और पड़ोसी छिरवैया धुर्वे के नाम प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुए थे। आरोप है कि ठेकेदार ने निर्माण कार्य पूरा करने के नाम पर तीनों हितग्राहियों से कुल 2 लाख 40 हजार रुपये लिए, लेकिन मकानों का निर्माण पूरा नहीं किया। राशि वापस मांगने पर भी पैसे नहीं लौटाए गए। इसके बाद हितग्राहियों की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
अब तक तीन ठेकेदारों पर कार्रवाई
इससे पहले भी कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास निर्माण से जुड़े दो मामलों में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। ग्राम आमानारा के बैसाखू बैगा की शिकायत पर ठेकेदार तुमेश गोड़ के खिलाफ तरेगांव जंगल थाना में मामला दर्ज हुआ। वहीं, ग्राम राजाढ़ार के देवसिंह की शिकायत पर ठेकेदार कुमार मेरावी के खिलाफ चिल्फी थाना में एफआईआर दर्ज की गई।
अब तक तीनों मामलों में कुल 7 लाख 49 हजार रुपये की कथित ठगी के आरोप सामने आए हैं। प्रशासन का उद्देश्य योजना के पात्र हितग्राहियों को उनका आवास उपलब्ध कराना और सरकारी सहायता राशि के दुरुपयोग पर रोक लगाना है।