मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: कोरबा से 850 श्रद्धालु जगन्नाथ पुरी रवाना
मंत्री लखनलाल देवांगन ने भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, बुजुर्गों के तीर्थ दर्शन के सपने को मिल रहा सहारा
कोरबा, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बिलासपुर संभाग के करीब 850 श्रद्धालु जगन्नाथ पुरी, लिंगराज मंदिर और कोणार्क मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए। कोरबा रेलवे स्टेशन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की।
बुजुर्गों की आस्था और सम्मान से जुड़ी योजना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में की गई थी। अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस योजना को फिर से शुरू किया है, जिससे प्रदेश के बुजुर्गों को तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।
मंत्री ने कहा कि यह योजना बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सेवा भावना का प्रतीक है। सरकार प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों की आस्था का सम्मान करते हुए उनके तीर्थ दर्शन के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी यात्रियों को बधाई देते हुए उनकी यात्रा मंगलमय होने की कामना की।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है। कोरबा से रवाना हुई इस यात्रा में शामिल श्रद्धालु जगन्नाथ पुरी मंदिर, लिंगराज मंदिर और कोणार्क मंदिर के दर्शन करेंगे।