नगरीय प्रशासन विभाग में 100 अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले
तीन मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को विभागीय जांच जारी रखते हुए निलंबन से किया गया बहाल
रायपुर, छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभाग ने कुल 100 अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इनमें 53 मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) और 24 अभियंता शामिल हैं। इसके अलावा लेखापाल, स्वास्थ्य निरीक्षक, भृत्य, कैशियर और अन्य पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार, 5 लेखापाल, 4 स्वास्थ्य निरीक्षक, 4 भृत्य और 3 कैशियर का स्थानांतरण किया गया है। वहीं, 3 सहायक ग्रेड-3 कर्मचारियों के साथ एक-एक स्टेनोग्राफर, सहायक राजस्व निरीक्षक, कम्प्यूटर ऑपरेटर और वाहन चालक का भी तबादला हुआ है।
तीन सीएमओ निलंबन से बहाल, नई पदस्थापना
विभाग ने तीन मुख्य नगर पालिका अधिकारियों विकास पाटले, विष्णु प्रसाद यादव और जफर खान को विभागीय जांच जारी रखते हुए निलंबन से बहाल किया है। बहाली के बाद विकास पाटले को दल्ली राजहरा नगर पालिका, विष्णु प्रसाद यादव को वाड्रफनगर नगर पंचायत और जफर खान को बिलाईगढ़ नगर पंचायत में सीएमओ के पद पर पदस्थ किया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि तीनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच जारी रहेगी। उनके निलंबन अवधि का निराकरण जांच के गुण-दोषों के आधार पर अलग से किया जाएगा।