छत्तीसगढ़ में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, अब तक 1.98 लाख क्विंटल धान की खरीदी, 1,606 केंद्रों में शुरू हुआ उपार्जन
रायपुर : छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही प्रदेशभर में उपार्जन की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह के दौरान धान खरीदी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल भी उपस्थित रहे।
15 नवंबर 2026 की स्थिति में प्रदेश के 33 जिलों के 1,606 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है। अब तक कुल 1,98,364.80 क्विंटल धान का उपार्जन किया जा चुका है। वहीं, प्रदेश के 3,095 उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है।
3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी धान खरीदी
राज्य सरकार ने इस खरीफ विपणन वर्ष में किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदने की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों के हित में एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कई बार कम उत्पादन या अन्य परिस्थितियों के कारण किसान निर्धारित मात्रा में धान नहीं बेच पाते। ऐसे पात्र किसानों को भी उनके सत्यापित रकबे के आधार पर पूरी सहायता राशि दी जाएगी। उदाहरण के तौर पर यदि कोई किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल के बराबर की आदान सहायता राशि भी उसे मिलेगी।
3,095 केंद्रों में धान खरीदी की व्यवस्था
प्रदेश में लगभग 27 लाख 50 हजार किसानों से धान खरीदी के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 15 नवंबर तक कुल 2,805 उपार्जन केंद्रों में टोकन जारी किए जा चुके हैं, जबकि 1,606 केंद्रों में खरीदी शुरू हो गई है।
अब तक खरीदे गए धान में 1,10,979.20 क्विंटल मोटा धान, 80,489.60 क्विंटल पतला धान और 6,896 क्विंटल सरना धान शामिल है।
बालोद और राजनांदगांव में सबसे अधिक खरीदी
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव में अब तक 26,464.40 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है। वहीं बालोद जिले में 24,676 क्विंटल और महासमुंद में 20,444.80 क्विंटल धान खरीदा गया है।
इसके अलावा धमतरी में 19,829.20 क्विंटल, बेमेतरा में 16,320.40 क्विंटल, दुर्ग में 13,952.80 क्विंटल और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 11,871.60 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है।
रायपुर जिले में अब तक 9,365.60 क्विंटल, कवर्धा में 7,386 क्विंटल, गरियाबंद में 6,743.60 क्विंटल और बलरामपुर में 5,614 क्विंटल धान खरीदा गया है।
बस्तर से सरगुजा तक खरीदी की प्रक्रिया जारी
प्रदेश के जनजातीय एवं दूरस्थ अंचलों में भी धान खरीदी की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। कांकेर में 3,220.40 क्विंटल, कोंडागांव में 3,888.40 क्विंटल, बिलासपुर में 3,603.60 क्विंटल और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 3,161.60 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है।
वहीं सूरजपुर में 2,006 क्विंटल, कोरिया में 1,984 क्विंटल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 2,155.20 क्विंटल और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1,075.60 क्विंटल धान खरीदा गया है।
रायगढ़ में 85,501 किसानों का पंजीयन, 20 चेक पोस्ट पर निगरानी
रायगढ़ जिले में इस वर्ष धान विक्रय के लिए कुल 85,501 किसानों ने पंजीयन कराया है। इनका कुल पंजीकृत रकबा 1,21,690.325 हेक्टेयर है। किसानों की सुविधा के लिए जिले में उपार्जन केंद्रों की संख्या 105 से बढ़ाकर 112 और सेवा सहकारी समितियों की संख्या 69 से बढ़ाकर 79 कर दी गई है।
धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और अवैध धान परिवहन एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए जिले में 20 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। यहां तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही तहसील स्तर पर उड़नदस्ता दल भी गठित किए गए हैं।
राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और धान खरीदी की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाना है। 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी और कृषक उन्नति योजना के तहत सहायता से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।