डिजिटल टोकन से आसान हुई धान खरीदी, किसान ने 78 क्विंटल धान बेचकर जताई खुशी
एमसीबी। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई है। खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का लाभ भी मिलने लगा है। एमसीबी जिले के ग्राम कोटाडोल निवासी किसान दलप्रताप सिंह ने कोटाडोल धान उपार्जन केंद्र में 78 क्विंटल धान का सफलतापूर्वक विक्रय किया। उन्होंने खरीदी व्यवस्था और डिजिटल टोकन सुविधा पर संतोष जताया।
किसान दलप्रताप सिंह के अनुसार, इस वर्ष धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त करने की प्रक्रिया काफी आसान रही। उन्हें टोकन के लिए लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ा। उन्होंने घर बैठे ‘टोकन तुंहर’ मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त किया, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत हुई।
उन्होंने बताया कि उपार्जन केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटा, माप उपकरण और पर्याप्त बारदानों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा किसानों के बैठने और शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध है। बेहतर व्यवस्थाओं के कारण धान विक्रय के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।
दलप्रताप सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किए जाने से किसानों को आर्थिक मजबूती मिल रही है। उन्होंने 78 क्विंटल धान का विक्रय किया, जिसका कुल मूल्य 2 लाख 41 हजार 800 रुपये निर्धारित हुआ है।
किसान ने डिजिटल टोकन सुविधा, धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था और किसान हित में लिए गए फैसलों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है और खेती-किसानी के प्रति उनका विश्वास बढ़ रहा है।