बस्तर संभागायुक्त ने मसौरा धान खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण, किसानों की सुविधाओं पर दिया जोर
बस्तर संभागायुक्त डोमन सिंह ने शुक्रवार को कोंडागांव जिले के मसौरा धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत चल रही धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में धान की गुणवत्ता, नमी और वजन की जांच की। साथ ही धान बेचने पहुंचे किसानों से बातचीत कर खरीदी प्रक्रिया और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी का कार्य पूरी पारदर्शिता और शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
खराब मौसम को देखते हुए उन्होंने उपार्जित धान की सुरक्षा और उचित रखरखाव पर विशेष जोर दिया। समिति प्रबंधक को धान को तारपोलिन से ढंककर रखने तथा बारिश और नमी से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। इसके अलावा खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान संभागायुक्त ने किसानों को शासन की कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि और योजना के लाभों की जानकारी भी दी। उन्होंने किसानों की समस्याओं और आवश्यकताओं को समझते हुए खरीदी व्यवस्था को सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया।