जशपुर में 1.97 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, चार गांवों में बनेंगे महतारी सदन
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला में 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन कार्यों में महतारी सदन, सामुदायिक भवन, सड़क और पुलिया निर्माण शामिल हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने ग्राम गंझियाडीह, उपरकछार, सिकिरमा और अंबाकछार में 30-30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार महतारी सदनों का भूमिपूजन किया। इनका निर्माण कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। महतारी सदनों में ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के संचालन के साथ स्वरोजगार से जुड़ी पहल करने के लिए बेहतर स्थान मिलेगा।
इसके अलावा ग्राम तुबा, सिकिरमा, धौरासांड और मेंडरबहार में 13 लाख 27 हजार रुपये प्रति भवन की लागत से चार सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे। वहीं, ग्राम पमशाला के बेराटोली में भजनो घर के पास 10 लाख रुपये की लागत से पुलिया का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पमशाला में मुख्य मार्ग से मंदिर तक 14 लाख 48 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना के साथ महतारी सदनों के माध्यम से महिलाओं को सामाजिक गतिविधियों और आत्मनिर्भरता के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी सदन केवल भवन नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के लिए आपसी संवाद, प्रतिभा विकास और स्वरोजगार की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के केंद्र बनेंगे। कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।