जनदर्शन में मुख्यमंत्री ने सुनी समस्याएं, बच्चों के इलाज से लेकर पढ़ाई तक की मदद का भरोसा
30 साल बाद 83 वर्षीय परसराम को मिला श्रवण यंत्र, कैंसर पीड़ित पिता को खो चुकी फरहीन की पढ़ाई में भी करेंगे मदद
रायपुर, मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में इस बार इलाज, आर्थिक तंगी और बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी कई समस्याएं सामने आईं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों की परेशानियां सुनीं और जरूरतमंदों को तत्काल सहायता देने के निर्देश दिए। किसी को श्रवण यंत्र दिया गया, तो किसी के बच्चे के इलाज की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, आर्थिक संकट के कारण पढ़ाई छोड़ने की नौबत झेल रही जशपुर की फरहीन को भी मदद का भरोसा मिला।
जनदर्शन में कोरबा जिले के 83 वर्षीय परसराम राठौर अपने बेटे के साथ पहुंचे थे। वे पिछले 30 वर्षों से कम सुनाई देने की समस्या से परेशान थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया। बातचीत के दौरान आंखों की कमजोरी की जानकारी मिलने पर अधिकारियों को जांच कराकर चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इसी तरह भाटापारा निवासी बलवंत सिंह यादव को भी श्रवण यंत्र दिया गया।
जशपुर से अपनी मां के साथ पहुंची फरहीन ने बताया कि उनके पिता वर्ष 2018 से कैंसर से पीड़ित थे। लंबे इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई और वर्ष 2025 में उनका निधन हो गया। अब परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है और फरहीन के सामने पढ़ाई जारी रखने की चुनौती है। मुख्यमंत्री ने उनकी परेशानी सुनकर आगे की पढ़ाई के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
राजनांदगांव से पहुंची पूर्णिमा साहू ने अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ के इलाज के लिए सहायता मांगी। उन्होंने बताया कि समय से पहले जन्म लेने के कारण पार्थ को कई स्वास्थ्य समस्याएं हैं और उसे मोतियाबिंद के इलाज के लिए आंखों में लेंस प्रत्यारोपण की जरूरत है। वहीं, रायपुर के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले ने अपने छह वर्षीय बेटे छयांश के पैरों के ऑपरेशन के लिए मदद मांगी। मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनदर्शन में मिले सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जरूरतमंद लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर सहायता मिल सके।