छत्तीसगढ़ी पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ और पंचांग ‘बछर’ का विमोचन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा- छत्तीसगढ़ी भाषा हमारी सांस्कृतिक पहचान और लोकजीवन की आत्मा
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा प्रकाशित छत्तीसगढ़ी पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ और छत्तीसगढ़ी पंचांग ‘बछर’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रकाशन से जुड़े साहित्यकारों, संपादकीय टीम और आयोग के पदाधिकारियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी केवल बोलचाल की भाषा नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक अस्मिता, लोकजीवन और परंपराओं की पहचान है। लोककथाओं, लोकगीतों, तीज-त्योहारों और सामाजिक संस्कारों में छत्तीसगढ़ी भाषा की आत्मीयता झलकती है। इस विरासत को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ छत्तीसगढ़ी साहित्य और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। वहीं पंचांग ‘बछर’ के जरिए नई पीढ़ी प्रदेश की पारंपरिक कालगणना, लोकपर्वों और सांस्कृतिक मान्यताओं से परिचित हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि दोनों प्रकाशन छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करेंगे और प्रदेश की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्रीय भाषाओं, बोलियों और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, मुख्यमंत्री के सलाहकार कृष्णा दास, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, प्रबंध संपादक डॉ. अभिलाषा बेहार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।