जशपुर के कुंजारा में प्रदेश का पहला पंचायत आधारित सौर ऊर्जा संयंत्र शुरू
2 करोड़ की लागत से स्थापित 280 किलोवाट प्लांट से पंचायत को हर साल होगी 18.75 लाख रुपये की आय
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंजारा में प्रदेश के पहले पंचायत आधारित 280 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण किया। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस संयंत्र से ग्राम पंचायत को हर साल लगभग 18.75 लाख रुपये की आय होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों की वास्तविक आत्मनिर्भरता तभी संभव है, जब ग्राम पंचायतों के पास विकास कार्यों के लिए आय के अपने स्थायी स्रोत हों। कुंजारा की यह पहल ग्रामीण आत्मनिर्भरता का नया मॉडल बनेगी। इससे गांव बिजली उत्पादन के साथ आय भी अर्जित करेगा और उस राशि का उपयोग स्थानीय विकास कार्यों में किया जा सकेगा।
हर साल होगा 4 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन
इस सौर ऊर्जा संयंत्र से प्रतिवर्ष लगभग 4 लाख यूनिट बिजली उत्पादन होने का अनुमान है। उत्पादित बिजली सीधे विद्युत ग्रिड में भेजी जाएगी। वर्चुअल नेट मीटरिंग के माध्यम से इसका समायोजन जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों की बिजली खपत से किया जाएगा। इसके बदले ग्राम पंचायत को 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से लाभांश मिलेगा। इस राशि का उपयोग ग्राम सभा के प्रस्ताव के अनुसार सड़क, अधोसंरचना और अन्य विकास कार्यों में किया जा सकेगा।
सीसी सड़क और दो सामुदायिक भवनों की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुंजारा में 20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा श्री टोली और कुंजारा में शिव मंदिर के समीप दो सामुदायिक भवनों के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
अन्य पंचायतों के लिए बनेगा मॉडल
इस परियोजना की स्थापना छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा की गई है। इसके संचालन और लाभांश वितरण के लिए विद्युत विभाग, ग्राम पंचायत कुंजारा और जनपद पंचायत कुनकुरी के बीच समझौता भी किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंजारा की यह पहल प्रदेश की अन्य ग्राम पंचायतों को भी सौर ऊर्जा के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक रोहित साय, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।