स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट्स के संचालन का बनेगा नया खाका, हर योजना की होगी SOP
बेहतर इस्तेमाल के साथ कमाई के रास्ते भी तलाशे जाएंगे, जरूरत पर PPP मॉडल पर काम
रायपुर, बिलासपुर में स्मार्ट सिटी के तहत तैयार किए गए प्रोजेक्ट्स के संचालन और रखरखाव को लेकर अब नई व्यवस्था तैयार की जाएगी। हर परियोजना के लिए अलग एसओपी बनाई जाएगी, ताकि उसके संचालन की जिम्मेदारी, रखरखाव और भविष्य में उपयोग को लेकर स्थिति साफ रहे। साथ ही इन प्रोजेक्ट्स का नागरिकों को ज्यादा से ज्यादा लाभ मिले और उनसे राजस्व जुटाने की संभावनाएं भी विकसित की जा सकें, इस पर फोकस रहेगा।
लंबे समय तक उपयोग में आएं परियोजनाएं
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा की अध्यक्षता में बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 20वीं बैठक हुई। बैठक में स्मार्ट सिटी के मौजूदा प्रोजेक्ट्स की स्थिति, उनके संचालन और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। बोरा ने परियोजनाओं को सिर्फ तैयार करने के बजाय उनके लंबे समय तक बेहतर इस्तेमाल और रखरखाव की व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक में तय किया गया कि परियोजनाओं के संचालन और रखरखाव के लिए स्पष्ट प्रक्रिया तैयार की जाए। इसके साथ ही जहां व्यावहारिक और जरूरी हो, वहां पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के जरिए संचालन और राजस्व सृजन की संभावनाएं भी देखी जाएंगी।
अधिकारियों-कर्मचारियों की ट्रेनिंग पर जोर
स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट्स को प्रभावी तरीके से चलाने के लिए मानव संसाधन की क्षमता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। ट्रेनिंग सेंटर के जरिए ज्यादा लोगों को प्रशिक्षण देने और अधिकारियों-कर्मचारियों को जरूरी कार्य अनुभव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। परियोजनाओं में किसकी क्या जिम्मेदारी होगी, इसे भी स्पष्ट रूप से तय करने की बात कही गई।
एजुकेशन हब और जल कार्यों पर भी चर्चा
बैठक में एजुकेशन हब में अकादमिक ब्लॉक बनाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। उपलब्ध बीएससीएल निधि से प्रस्तावित इस कार्य को संस्थागत स्थायित्व और बेहतर उपयोग की दृष्टि से आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। इसके अलावा शहर से जुड़े जल संबंधी कार्यों और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी बोर्ड के सामने विभिन्न प्रस्ताव रखे गए।
ऑनलाइन जुड़े अधिकारी
बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक भीम सिंह कंवर, चिप्स के सीईओ मयंक अग्रवाल, भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के प्रतिनिधि सुजीत कुमार सहित बिलासपुर के कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह और बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध संचालक प्रकाश कुमार सर्वे समेत अन्य अधिकारी ऑनलाइन शामिल हुए।