करमा महोत्सव में जनजातीय लोक संस्कृति की दिखी अनूठी छटा
सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को ब्लॉक स्तरीय जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव ‘करमा महोत्सव’ का आयोजन किया गया। साक्षरता मिनी स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मांदर की थाप और पारंपरिक करमा गीतों के बीच रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल भी कलाकारों के साथ करमा नृत्य करते नजर आए।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय समाज की लोककला, संस्कृति और परंपराएं छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर हैं। इन परंपराओं को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता दलों को पुरस्कृत किया।
महोत्सव में लखनपुर विकासखंड के तुरना, कोरजा, लोसगा और केवरा सेक्टरों से पहुंचे 12 नृत्य दलों ने हिस्सा लिया। करमा नृत्य प्रतियोगिता में जय शिव शारदा करमा पार्टी परसोदी कला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आदिवासी करमा दल पीपरखार दूसरे स्थान पर रहा।
वहीं, शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव के अंतर्गत आयोजित लोकनृत्य प्रतियोगिता में शैला पार्टी तराजू ने पहला स्थान हासिल किया। दोनों प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लखनपुर विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष शशिकला विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री दिनेश साहू, एसडीएम रामराज सिंह, जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी खुशबू शास्त्री सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।