लोईंग में 10 बिस्तरीय नशा मुक्ति केंद्र, 24 घंटे मुफ्त इलाज की सुविधा
रायगढ़ जिले में नशे की लत से प्रभावित लोगों को उपचार और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विकासखंड लोईंग के ग्राम छुहीपाली स्थित हेल्थ मेला शिविर और आयुष्मान आरोग्य मंदिर कुकरदा का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ लोईंग में संचालित नशा मुक्ति केंद्र की सुविधाओं की जानकारी दी गई।
हेल्थ मेला शिविर में 48 लोगों की गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग की गई। वहीं, परिवार नियोजन के 10 हितग्राहियों को परामर्श दिया गया। इसके अलावा फाइलेरिया से पीड़ित एक मरीज का फॉलोअप भी किया गया। अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार लोईंग स्थित नशा मुक्ति केंद्र में 10 बिस्तरों की व्यवस्था है, जहां मरीजों को 24 घंटे निःशुल्क उपचार, परामर्श और भर्ती की सुविधा मिलती है। केंद्र में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और काउंसलर तैनात हैं। यहां शराब, तंबाकू, सिगरेट और अन्य मादक पदार्थों की लत से जूझ रहे लोगों का उपचार किया जाता है।
केंद्र में मरीजों के लिए मेडिकल डिटॉक्सिफिकेशन, विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखभाल, नियमित काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही योग, ध्यान और व्यायाम के माध्यम से मरीजों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य में सुधार पर ध्यान दिया जाता है। मरीजों को पौष्टिक भोजन और सुरक्षित वातावरण भी उपलब्ध कराया जाता है।
नशे की समस्या से प्रभावित लोगों के परिजनों को भी गोपनीय तरीके से परामर्श दिया जाता है, ताकि वे मरीज के उपचार और पुनर्वास में सहयोग कर सकें। उपचार के बाद मरीजों को दोबारा नशे की लत से बचाने के लिए नियमित फॉलोअप और मार्गदर्शन की व्यवस्था भी की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि नशे की लत केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। ऐसे में नशे से प्रभावित लोगों को लोईंग स्थित नशा मुक्ति केंद्र तक पहुंचाकर उपलब्ध निःशुल्क सुविधाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करना जरूरी है।