युवा संवाद में अरुण साव ने विद्यार्थियों को दिया सफलता के साथ अच्छा नागरिक बनने का संदेश
रायपुर, मुंगेली जिले के ग्राम कोतरी स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राजकीय महाविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने युवाओं को जीवन की चुनौतियों से घबराए बिना लगातार आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करना जरूरी है, लेकिन इसके साथ एक अच्छा नागरिक बनना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। सफलता मिलने में देर हो तो निराश होने के बजाय मेहनत जारी रखनी चाहिए।
उप मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय के परिसर और वहां उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्थित इस महाविद्यालय में बेहतर व्यवस्थाओं के साथ शिक्षा दी जा रही है। यहां के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर के एनएसएस शिविर में शामिल होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ा रहे हैं। उनकी उपलब्धियां आने वाले समय में लोरमी को नई पहचान दिलाएंगी।
कार्यक्रम में अरुण साव ने टेबल टेनिस में लगातार चार वर्षों से महाविद्यालय का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों की प्रशंसा की। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे रक्तदान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद लोगों को जीवन देने का महत्वपूर्ण सेवा कार्य है।
उन्होंने युवाओं से पढ़ाई और खेल के साथ समाज सेवा में भी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा और मेहनत से भविष्य संवारने के साथ गांव, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने का प्रयास करना चाहिए। व्यक्तिगत सफलता के साथ समाज और देश के विकास में योगदान देने की भावना भी रखनी चाहिए।
कॉलेज के विकास के लिए 80 लाख रुपये की घोषणा
उप मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 30 लाख रुपये, मंच निर्माण के लिए 10 लाख रुपये और खेल मैदान के उन्नयन के लिए 40 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कॉलेज तक पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए पहले ही 19 लाख रुपये की स्वीकृति दी जा चुकी है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अखिलेश शर्मा, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्राध्यापक, ग्रामीण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।