जनजातीय गौरव दिवस पर जशपुर में वीर शहीदों के परिजनों और प्रतिभाशाली बेटियों का सम्मान
रायपुर, जशपुर के बालछापार स्थित सरना एथेनिक रिजॉर्ट में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में वित्त मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और बलिदान को देश की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर आदिवासी समाज के महानायकों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। यह दिन उनके संघर्ष, साहस और राष्ट्रभक्ति को याद करने का अवसर है।
समारोह में वित्त मंत्री ने देश के लिए बलिदान देने वाले जनजातीय सैनिकों के परिजनों और विभिन्न जनजातीय समाजों के प्रमुखों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के सम्मान और सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के लोगों का देश और प्रदेश के नेतृत्व तक पहुंचना पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।
ओपी चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और परिवहन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज, जशपुर में नालंदा परिसर और वनवासी कल्याण आश्रम परिसर में एनटीपीसी के सीएसआर मद से आधुनिक अस्पताल का निर्माण क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने बताया कि सड़क परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के साथ जशपुर को रेल सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
युवाओं को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि सफलता के लिए बड़े सपने देखने और लक्ष्य के प्रति लगातार मेहनत करने की जरूरत है। छोटे गांवों से निकलकर भी युवा आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बन सकते हैं। उन्होंने प्रयास विद्यालयों में मिल रही निःशुल्क कोचिंग और सिविल सेवा की तैयारी के लिए चयनित विद्यार्थियों को दिल्ली में दी जाने वाली आर्थिक सहायता का जिक्र किया। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वे भी छोटे गांव से निकलकर 22 वर्ष की उम्र में भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए थे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
समारोह में जनजातीय लोककला और संस्कृति की प्रस्तुतियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वित्त मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रत्येक दल को 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा की। जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने कुरुख बोली में गीत प्रस्तुत कर भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू मुर्मू, तिलका मांझी, वीर बुधु भगत और शहीद वीर नारायण सिंह जैसे जनजातीय नायकों को याद किया। इस दौरान पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों से भी मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया गया।
वित्त मंत्री ने राष्ट्रीय स्तर की अंडर-17 और अंडर-19 क्रिकेट टीमों में चयनित जशपुर की बेटियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बेटियां शिक्षा के साथ खेलों में भी जिले का नाम रोशन कर रही हैं। वहीं, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। शकुंतला सिंह को एक लाख रुपये तथा सुमित्रा बेसरा और बंधनी बाई को दो-दो लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, जनजातीय समाजों के प्रमुख और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।