बस्तर ओलंपिक 2026: पंजीयन के लिए 30 अक्टूबर आखिरी मौका, सुकमा में 72,811 खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन
11 खेलों में दिखेगा प्रतिभाओं का दम, नवंबर से शुरू होंगी विकासखंड और जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं
सुकमा, बस्तर ओलंपिक 2026 को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह बढ़ रहा है। सुकमा जिले में अब तक 72,811 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। पंजीयन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर निर्धारित है। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक खिलाड़ियों से इस खेल आयोजन में भाग लेने के लिए पंजीयन कराने की अपील की है।
छिंदगढ़ विकासखंड सबसे आगे
पंजीयन के आंकड़ों के अनुसार, छिंदगढ़ विकासखंड में सबसे अधिक 31,989 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। वहीं, सुकमा विकासखंड से 23,759 और कोंटा से 17,063 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। जिले में 22,241 पुरुष और 50,570 महिला प्रतिभागियों की भागीदारी दर्ज की गई है। ये आंकड़े जिले में खेलों के प्रति बढ़ते रुझान को दर्शाते हैं।
11 खेल विधाओं में दिखेगी प्रतिभा
‘हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान’ थीम पर आयोजित बस्तर ओलंपिक में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, वॉलीबॉल और खो-खो सहित कुल 11 खेल विधाओं में मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता में 14 से 17 वर्ष के जूनियर खिलाड़ियों के साथ सीनियर महिला और पुरुष वर्ग के प्रतिभागी भी हिस्सा लेंगे।
आयोजन का पहला चरण 1 से 13 नवंबर तक विकासखंड स्तर पर, दूसरा चरण 16 से 25 नवंबर तक जिला स्तर पर और अंतिम चरण 7 से 11 दिसंबर तक संभाग स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
मोबाइल लिंक और क्यूआर कोड से पंजीयन
जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों की सुविधा के लिए मोबाइल लिंक और क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीयन की व्यवस्था की है। पंजीयन के लिए आधार कार्ड नंबर अनिवार्य रखा गया है। बस्तर ओलंपिक का उद्देश्य स्थानीय खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना है। इस आयोजन से बस्तर के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के क्षेत्र में नई पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।