छत्तीसगढ़ हॉकी लीग से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को मिला बड़ा मंच
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया शामिल हुए। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह लीग प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गांवों, जनजातीय क्षेत्रों और दूरस्थ अंचलों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के माध्यम से बस्तर से सरगुजा और रायगढ़ से राजनांदगांव तक के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।
प्रतियोगिता में राजधानी रॉयल्स, न्यायधानी नाइट्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, बैलाडीला बुल्स और मैनपाट टाइटंस सहित छह टीमों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक टीम में एक ओलंपिक खिलाड़ी की सहभागिता ने युवा खिलाड़ियों को अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से खेल की बारीकियां सीखने का अवसर दिया। प्रतियोगिता का प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया गया और हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में कमेंट्री भी हुई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शुरू किया गया है। इसके माध्यम से गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण एवं खेल सुविधाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि संसाधनों के अभाव में किसी खिलाड़ी का सपना अधूरा न रहे।
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की सराहना करते हुए इसे पूरे देश के लिए रोल मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि हॉकी भारत का गौरव है और मेजर ध्यानचंद की उपलब्धियां आज भी युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिली है।
समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के एंबेसडर सरदार सिंह सहित जनप्रतिनिधि और खेल जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे।