अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन का जलवा, 30% छूट का ऑफर
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 2026 में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा यहां लगाए गए स्टॉल के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों, रिसॉर्ट, ग्रामीण पर्यटन और होमस्टे सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। बड़ी संख्या में देश-विदेश से आए पर्यटक और टूर ऑपरेटर स्टॉल पर पहुंचकर छत्तीसगढ़ के पर्यटन की संभावनाओं के बारे में जान रहे हैं।
पर्यटन बोर्ड का स्टॉल भारत मंडपम के हॉल एच-4 के प्रथम तल पर लगाया गया है। यहां चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर की ऐतिहासिक धरोहर, मैनपाट और बस्तर की जनजातीय संस्कृति जैसे प्रमुख आकर्षणों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में पहचान दिलाना है।
रिसॉर्ट बुकिंग पर मिलेगी 30 प्रतिशत की छूट
मेले में आने वाले पर्यटकों को छत्तीसगढ़ भ्रमण के लिए प्रोत्साहित करने पर्यटन मंडल ने विशेष ऑफर दिया है। 14 से 27 नवंबर 2026 तक मेले के दौरान पर्यटन मंडल के स्टॉल पर पहुंचकर उसके रिसॉर्ट में बुकिंग कराने वाले पर्यटकों को 30 प्रतिशत की विशेष छूट मिलेगी। इस पहल से प्रदेश के पर्यटन स्थलों और आवासीय सुविधाओं के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ने की उम्मीद है।
ग्रामीण पर्यटन और होमस्टे को मिलेगा बढ़ावा
मेले में ग्रामीण पर्यटन और होमस्टे नीति को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जा रहा है। इसके जरिए पर्यटकों को गांवों की जीवनशैली, पारंपरिक खानपान, लोककला, हस्तशिल्प और जनजातीय परंपराओं से रूबरू कराने का प्रयास है। साथ ही ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और स्थानीय कारीगरों को पर्यटन के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
20 नवंबर को मनाया जाएगा छत्तीसगढ़ राज्य दिवस
अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य दिवस का आयोजन होगा। इस दौरान प्रदेश की लोककला, सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं और पर्यटन की विविध संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। इससे देश-विदेश के आगंतुकों को छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान और सांस्कृतिक विविधता को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में प्रदेश की प्राकृतिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पर्यटन बोर्ड की इस सहभागिता से छत्तीसगढ़ के पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।