पमशाला के राधा-कृष्ण मंदिर में मुख्यमंत्री साय ने की पूजा-अर्चना, 62 कीर्तन मंडलियों को मिलेगी आर्थिक सहायता
भजन-कीर्तन में मंजीरा बजाकर हुए शामिल, बोले- परोपकार और जरूरतमंदों की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म
जशपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पमशाला स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर (कंवर धाम) में आयोजित कार्तिक मास के भजन-कीर्तन कार्यक्रम में शामिल हुए। ईब नदी के तट पर स्थित मंदिर में उन्होंने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ भगवान राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और कीर्तन मंडलियों के साथ मंजीरा बजाकर भजन-कीर्तन में भी हिस्सा लिया। उन्होंने क्षेत्र की सभी 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, वेशभूषा और अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन की सार्थकता दूसरों के काम आने और जरूरतमंदों की सहायता करने में है। दूसरों के दुख-दर्द को समझना और उनकी पीड़ा दूर करने का प्रयास करना ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि हमारी लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराएं समाज की एकता, आपसी सद्भाव और संस्कारों की मजबूत आधारशिला हैं। कर्मा, दमकच, झूमर और महादेव नाचा जैसी लोक विधाएं छत्तीसगढ़ की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिले में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास और संत गहिरा गुरु महाराज के सामाजिक एवं आध्यात्मिक योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि संत गहिरा गुरु महाराज ने समाज सुधार, शिक्षा और नैतिक जीवन के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, धान खरीदी, श्रीरामलला दर्शन योजना और भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
सुशासन के संबंध में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु पोर्टल का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नागरिक बिजली ट्रांसफार्मर बदलने, नामांतरण और विभिन्न प्रमाण पत्रों सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, यश प्रताप सिंह जूदेव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कीर्तन मंडलियों के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।