जोगी डोंगरी जलाशय में चला स्वच्छता अभियान, ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को जोगी डोंगरी जलाशय के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया। जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण को लेकर आयोजित कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।
अभियान के दौरान जलाशय परिसर और आसपास जमा कचरे व अन्य अपशिष्ट पदार्थों की सफाई की गई। ग्रामीणों को जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने और उनकी नियमित देखरेख के लिए जागरूक किया गया। साथ ही पानी की बर्बादी रोकने और उपलब्ध जल का जरूरत के अनुसार उपयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में ग्रामीणों से गांव के तालाब, जलाशय, कुएं और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों की साफ-सफाई में सक्रिय भागीदारी निभाने को कहा गया। इस दौरान यह संदेश भी दिया गया कि जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समुदाय की साझा जिम्मेदारी है।
ग्रामीणों ने लिया सामूहिक संकल्प
स्वच्छता अभियान में शामिल ग्रामीणों ने जल स्रोतों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने, पानी की बर्बादी रोकने तथा जल संरक्षण के लिए लगातार प्रयास करने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के जरिए “जल है तो कल है” का संदेश देते हुए जल संरक्षण को जनभागीदारी से व्यापक अभियान बनाने की अपील की गई।