महतारी वंदन की राशि से यशोदा ने संवारा सिलाई का काम, बचत से बढ़ाया कारोबार
रायपुर। सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत सकालो की यशोदा प्रजापति के लिए सिलाई का काम अब परिवार की आय का अहम जरिया बन गया है। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता ने उन्हें घरेलू जरूरतों के साथ थोड़ी-थोड़ी बचत करने का मौका दिया। इसी बचत का इस्तेमाल उन्होंने अपनी सिलाई की दुकान को आगे बढ़ाने में किया।
यशोदा लंबे समय से सिलाई का काम कर रही हैं। उनके पति वैन चलाते हैं और परिवार में दो बच्चे हैं। घर की जिम्मेदारियों के बीच सिलाई से होने वाली आमदनी परिवार के खर्च में उनका सहयोग बन रही है। महतारी वंदन की राशि मिलने के बाद उन्हें अपनी जरूरतों के लिए आर्थिक सहारा मिला और वे अपनी कमाई का कुछ हिस्सा कारोबार में भी लगा पा रही हैं।
यशोदा बताती हैं, “महतारी वंदन का पैसा मिलता है तो उससे मुझे बहुत मदद हो जाती है। पैसे इकट्ठा करके धीरे-धीरे अपनी दुकान को आगे बढ़ाया है।” उनके मुताबिक नियमित सहायता से छोटी-छोटी बचत करना आसान हुआ, जिसका फायदा सिलाई के काम को बढ़ाने में मिला।
सिलाई से होने वाली आमदनी के साथ योजना की राशि बच्चों की पढ़ाई और घर की दूसरी जरूरी जरूरतों में भी काम आ रही है। परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अपने हुनर से कमाई करने वाली यशोदा अब आर्थिक फैसलों में भी अपनी भूमिका मजबूत कर रही हैं।
यशोदा की कहानी बताती है कि नियमित आर्थिक सहायता अगर महिलाओं के हुनर और मेहनत के साथ जुड़ जाए, तो उसका इस्तेमाल बचत और छोटे कारोबार को आगे बढ़ाने में किया जा सकता है। सिलाई के काम को विस्तार देने के साथ यशोदा परिवार की आर्थिक मजबूती में भी योगदान दे रही हैं।
महतारी वंदन योजना से मिले आर्थिक संबल के लिए यशोदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उनके लिए यह सहायता घरेलू जरूरत पूरी करने के साथ अपने हुनर को आगे बढ़ाने का एक जरिया बनी है।