बलौदाबाजार में स्वच्छता अभियान को मिला जनसहयोग, मंत्री टंक राम वर्मा ने दिया स्वच्छता का संदेश
बलौदाबाजार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बलौदाबाजार जिले में विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत सोमवार को राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा की अगुवाई में बलौदाबाजार स्थित ऐतिहासिक षष्ठी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया।
स्वच्छता अभियान के दौरान राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वयं हाथों में झाड़ू थामी और मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में सफाई की। सड़कों पर बिखरे कचरे को एकत्र कर डस्टबिन में डाला गया। इस दौरान लोगों को सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन या अभियान तक सीमित रहने वाला कार्य नहीं है। यह एक ऐसी आदत है, जो धीरे-धीरे हमारे व्यवहार और संस्कार का हिस्सा बनती है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जन-जन में स्वच्छता और जनसेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 सफल वर्षों के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
स्वच्छता अभियान में कलेक्टर, भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य उपाध्यक्ष, नगर पालिका उपाध्यक्ष, विभिन्न वार्डों के पार्षद, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया। सभी ने श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
अभियान के दौरान लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फेंकने, कचरे का उचित निपटान करने और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की अपील की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना और इसे जनआंदोलन का रूप देना रहा।