दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने सोमवार को अयोध्या पहुंचेंगे सीएम योगी
अयोध्या में दीपोत्सव-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या दौरे पर रहेंगे। वह दोपहर 1 बजे तक अयोध्या पहुंचेंगे और हनुमानगढ़ी व श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद राम की पैड़ी, राम कथा पार्क और सरयू आरती स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री पीएफसी सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर दीपोत्सव की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करेंगे। इस दौरान मुख्य अतिथियों के आगमन, वीआईपी सुरक्षा और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों में हुई बारिश से तैयारियों पर कुछ प्रभाव पड़ा था, लेकिन पहले से चल रहे कार्यों के कारण कोई बड़ी समस्या नहीं आई है। सभी तैयारियां निर्धारित समय के अनुसार चल रही हैं। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान यदि कोई कमी सामने आती है तो उसे तत्काल दूर किया जाएगा।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे आयोजन क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटा गया है। यातायात सुचारू रखने के लिए इंटर-डिस्ट्रिक्ट और इंट्रा-डिस्ट्रिक्ट डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और येलो जोन कंट्रोल रूम को इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ा जा रहा है।
दीपोत्सव और मुख्यमंत्री के दौरे को सुरक्षित बनाने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ रेंज, जोन और पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। विशेष सुरक्षा एजेंसियां भी व्यवस्था संभालेंगी। प्रशासन का कहना है कि आयोजन को सुचारू और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं।