मार्शल आर्ट में बेटियों का कमाल, सना-सानिया से मिले मुख्यमंत्री साय
जनदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिलीं दोनों बहनें, खेल उपलब्धियों की सराहना कर आगे बढ़ने के लिए किया प्रोत्साहित
रायपुर, मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में नवा रायपुर की मार्शल आर्ट खिलाड़ी सना और सानिया ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों बहनों की खेल उपलब्धियों और पढ़ाई के साथ खेल के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। साथ ही उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
सना और सानिया ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे मार्शल आर्ट में लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। दोनों गोल्डन कप, खेलो इंडिया गेम्स और दमन में आयोजित बीच गेम्स में हिस्सा लेकर पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने अपनी उपलब्धियों के साथ आगामी खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों की जानकारी भी साझा की।
खेल के साथ दोनों बहनें शिक्षा पर भी पूरा ध्यान दे रही हैं। सना बीकॉम और सानिया बीसीए की पढ़ाई कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई और खेल दोनों में बेहतर प्रदर्शन करना उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को आगे भी मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।