बस्तर में धान खरीदी शुरू, कलेक्टर ने केंद्र का किया औचक निरीक्षण; 13 किसानों को जारी हुए टोकन
बस्तर। जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाअभियान की शुरुआत हो गई है। खरीदी शुरू होते ही किसान अपनी उपज लेकर केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं। इसी बीच कलेक्टर आकाश छिकारा और जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना ने अधिकारियों के साथ बड़ेमारेंगा धान उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीदी प्रक्रिया, तौल व्यवस्था, बारदानों की उपलब्धता और धान की गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मॉइस्चर मीटर से धान की नमी की जांच करवाई, जो निर्धारित मानक 17 प्रतिशत से कम पाई गई। उन्होंने अधिकारियों को प्रति बोरा 40 किलोग्राम की मानक तौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों से बातचीत कर टोकन की उपलब्धता और खरीदी केंद्रों में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
इस दौरान किसानों ने एग्रीस्टैक और डिजिटल गिरदावरी पोर्टल पर खसरा नंबर और रकबा प्रदर्शित नहीं होने की समस्या भी बताई। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित किसानों की सूची तैयार कर तकनीकी समस्या जल्द दूर करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र किसानों को टोकन प्राप्त करने में परेशानी न हो। उन्होंने आधार सत्यापन के लिए बायोमेट्रिक और आइरिस स्कैन की व्यवस्था सुचारू रखने को भी कहा।
जिले के 88 धान उपार्जन केंद्रों में पहले दिन 8 केंद्रों के लिए 13 किसानों के टोकन जारी किए गए। इनके माध्यम से कुल 50.44 मीट्रिक टन धान की खरीदी निर्धारित की गई है। खास बात यह रही कि जारी 13 टोकन में से 11 किसानों ने किसान तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन कटवाए, जबकि 2 टोकन समितियों से जारी हुए।
प्रशासन के अनुसार इस वर्ष जिले में 9 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। वर्तमान में 51,068 किसान कुल 67,538.0160 हेक्टेयर रकबे के साथ धान विक्रय के लिए पंजीकृत हैं। किसानों की सुविधा के लिए 70 प्रतिशत टोकन ऑनलाइन और 30 प्रतिशत टोकन समितियों के माध्यम से ऑफलाइन जारी किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने किसानों से निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर टोकन प्राप्त कर धान विक्रय करने की अपील की है।