सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने के निर्देश
रायपुर, मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कलेक्टरों के साथ सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अभियान को केवल एक आयोजन न मानकर जनभागीदारी, सेवा भावना और सामाजिक सहयोग का व्यापक माध्यम बनाने के निर्देश दिए। प्रदेश में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
मुख्य सचिव ने सेवा सेतु शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करने और केंद्र सरकार की चिन्हित 26 प्रमुख योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवकों, एनसीसी, एनएसएस, स्व-सहायता समूहों और युवा संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
23 से 25 सितंबर तक नगरीय निकाय क्षेत्रों और 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, अन्न एवं वस्त्र दान, शिक्षा सहयोग, रक्तदान, अंगदान, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत 10 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्य सचिव ने अंगदान-देहदान करने वाले परिवारों को सम्मानित करने, दान उत्सव का लाभ जरूरतमंदों, अनाथालयों और वृद्धाश्रमों तक पहुंचाने तथा सभी गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। साथ ही गिरदावरी सर्वे में शुद्धता, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की नियमित समीक्षा पर भी जोर दिया।
उन्होंने कलेक्टरों से कहा कि वे अपने जिलों में अभियान का प्रभावी नेतृत्व करें और सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी व सामाजिक सहयोग का स्थायी माध्यम बनाने की दिशा में काम करें।