रामलला के दर्शन का सपना हुआ पूरा, सरकारी योजना से अयोध्या पहुंचे डोमन-पार्वती
रायपुर, कबीरधाम जिले के ग्राम बबई निवासी डोमन साहू और पार्वती साहू के लिए श्री रामलला के दर्शन का वर्षों पुराना सपना छत्तीसगढ़ शासन की श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के जरिए पूरा हुआ। दंपती ने विशेष ट्रेन से अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए और काशी में बाबा विश्वनाथ के भी दर्शन किए।
डोमन साहू ने बताया कि लंबे समय से अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन की इच्छा थी, लेकिन आर्थिक और अन्य परिस्थितियों के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा था। योजना के माध्यम से पत्नी के साथ अयोध्या जाने का अवसर मिला। रामलला के दर्शन का अनुभव उनके लिए बेहद भावुक और अविस्मरणीय रहा।
श्रद्धालुओं को कवर्धा से दुर्ग रेलवे स्टेशन तक निःशुल्क बस से पहुंचाया गया। इसके बाद विशेष ट्रेन से काशी और अयोध्या धाम की यात्रा कराई गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भोजन, नाश्ता, चाय और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई।
डोमन साहू ने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि योजना ने सामान्य परिवारों के लिए तीर्थयात्रा को आसान बनाया है। डोमन और पार्वती के लिए रामलला के दर्शन की यह यात्रा अब जीवन की यादगार स्मृतियों में शामिल हो गई है।