श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाना पहली प्राथमिकता : लखनलाल देवांगन
रायपुर, प्रदेश के श्रमिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना श्रम विभाग की पहली प्राथमिकता है। अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता दिखाते हुए बेहतर प्रदर्शन करना होगा। यह बात श्रम, वाणिज्य एवं उद्योग तथा वाणिज्यिक कर मंत्री लखनलाल देवांगन ने श्रम विभाग की समीक्षा बैठक में कही। बैठक में जिलावार और योजनावार विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई।
मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित बैठक में श्रम मंत्री ने अधिकारियों से श्रमिकों के कल्याण और उनके हितों की सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रमिकों का पंजीयन होने के बाद पात्रतानुसार उन्हें अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। साथ ही उद्योगों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में श्रम विभाग के सचिव एवं श्रम आयुक्त हिमशिखर गुप्ता ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रदेश के सभी 33 जिलों के श्रम अधिकारियों के कार्यों की योजनावार समीक्षा की। इस दौरान ई-केवाईसी, छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम-2011, ऑनलाइन रैंडम निरीक्षण, शिकायतों के निराकरण, बस्तर मुन्ने एवं नियद नेल्ला नार योजना 2.0 में विभागीय प्रगति, श्रम अन्न योजना के केंद्रों की स्थिति तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अंतर्गत संचालित मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना और दीदी ई-रिक्शा योजना की भी जिलावार समीक्षा की गई। अधिकारियों को इन योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के तहत पंजीयन, वित्तीय लक्ष्य और उपलब्धियों तथा विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित श्रमिकों की जानकारी ली गई। उपादान भुगतान अधिनियम-2012, बंधक श्रमिक पुनर्वास और बाल श्रमिक पुनर्वास नीति की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अपर श्रमायुक्त एसएल जांगड़े, सविता मिश्रा, प्रभारी संचालक औद्योगिक सुरक्षा मनीष श्रीवास्तव सहित सहायक श्रम आयुक्त, जिला श्रम अधिकारी और बीओसीडब्ल्यू एवं औद्योगिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।