धान खरीदी केंद्रों में मिलेगी प्राथमिक उपचार की सुविधा, जन औषधि केंद्रों ने की पहल
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों के बीच किसानों और श्रमिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर पहल की गई है। धान उपार्जन केंद्रों में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र शंकरदाह एवं भखारा ने आवश्यक दवाइयां और स्वास्थ्य सामग्री उपलब्ध कराने की पहल की है।
धान खरीदी के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने पहुंचते हैं। इसके अलावा हमाल, मजदूर, समिति कर्मचारी और अन्य श्रमिक भी खरीदी कार्य में जुटे रहते हैं। ऐसे में काम के दौरान चोट लगने, कटने, छिलने या जलने जैसी घटनाओं के साथ अचानक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना जरूरी है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सभी धान उपार्जन केंद्रों में निर्धारित मापदंडों के अनुसार प्राथमिक उपचार पेटी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि धान खरीदी का कार्य सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में संपन्न होना चाहिए। इसके लिए संबंधित समितियां आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करें, ताकि आकस्मिक स्थिति में किसानों और कर्मचारियों को तत्काल सहायता मिल सके।
प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र शंकरदाह एवं भखारा में सामान्य दवाइयां बाजार की तुलना में लगभग 70 से 80 प्रतिशत कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। केंद्रों द्वारा उपार्जन समितियों की मांग के अनुसार प्राथमिक उपचार पेटी के लिए जरूरी दवाइयां और सामग्री उपलब्ध कराने के साथ प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों तक पहुंचाने की सुविधा भी दी जा रही है।
इस संबंध में अधिक जानकारी और आवश्यक सामग्री के लिए मोबाइल नंबर 9098116074 पर संपर्क किया जा सकता है। इस पहल से धान खरीदी के दौरान उपार्जन केंद्रों में प्राथमिक उपचार की सुविधा मजबूत होगी और किसानों, हमालों तथा कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।