राज्योत्सव के शिल्पग्राम मंच पर लोककला और संगीत की धूम
पंडवानी, ढोलमारू, शास्त्रीय नृत्य और फ्यूजन बैंड की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
रायपुर, छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मेला मैदान का शिल्पग्राम मंच लोककला, संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से गुलजार रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रदेश की समृद्ध लोकपरंपराओं के साथ आधुनिक संगीत और भारतीय शास्त्रीय नृत्य की खूबसूरत झलक देखने को मिली। कहीं पंडवानी की ओजस्वी कथा गूंजती रही, तो कहीं लोकगीतों की मधुर धुनों और फ्यूजन बैंड के संगीत ने दर्शकों को आकर्षित किया। विभिन्न जिलों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण छत्तीसगढ़ की विश्वविख्यात लोकगाथा पंडवानी रही। दुर्ग के चेतन देवांगन और रायपुर की दुर्गा साहू ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से महाभारत की कथाओं को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। कथा वाचन, संगीत और अभिनय के अनूठे समन्वय ने दर्शकों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध वाचिक परंपरा से रूबरू कराया। कलाकारों की ओजस्वी अभिव्यक्ति ने पंडवानी की विशिष्टता और लोककला की जीवंतता को खूबसूरती से प्रदर्शित किया।
शिल्पग्राम मंच पर आधुनिक संगीत का रंग भी देखने को मिला। रायपुर के शिवेन्द्र मण्डावी ने लोकसंगीत और गिटार वादन की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। वहीं राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में रिदम ट्विंस बैंड और संतोष कुमार सिन्हा के फ्यूजन बैंड ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से माहौल को सुरों और तालों से सराबोर कर दिया। पारंपरिक संगीत के साथ आधुनिक धुनों के मेल ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
सांस्कृतिक संध्या में अनुप्रिया सुल्ताना की शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति ने भारतीय नृत्य परंपरा की सुंदरता को मंच पर साकार किया। उनकी भावपूर्ण मुद्राओं, लयबद्ध पदचाप और कलात्मक अभिव्यक्ति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शास्त्रीय नृत्य की इस प्रस्तुति के माध्यम से भारतीय कला और सांस्कृतिक परंपराओं की समृद्ध झलक देखने को मिली।
लोकसंस्कृति के रंगों को आगे बढ़ाते हुए दुर्ग की रजनी रजक ने लोकमंच और ढोलमारू की प्रस्तुति दी। उन्होंने पारंपरिक कथाओं और लोकजीवन से जुड़ी भावनाओं को मंच पर जीवंत किया। वहीं बिलासपुर की वंदिता साहू ने मधुर लोकगीतों की प्रस्तुति दी, जबकि पायल साहू ने लोकमंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ी लोककला के विविध रंग बिखेरे। इन प्रस्तुतियों में छत्तीसगढ़ की माटी की महक, लोकजीवन और पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली।
राज्योत्सव के शिल्पग्राम मंच पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने प्रदेश के लोककलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। पंडवानी, ढोलमारू, लोकसंगीत, शास्त्रीय नृत्य और आधुनिक फ्यूजन संगीत की प्रस्तुतियों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर प्रस्तुत किया। पारंपरिक कला और आधुनिक संगीत के इस संगम ने राज्योत्सव के उत्साह को और बढ़ाते हुए दर्शकों के लिए यादगार सांस्कृतिक अनुभव प्रस्तुत किया।