कल से नवा रायपुर में जुटेंगे गोल्फ के सितारे, कपिल देव की मौजूदगी में शुरू होगा ‘ओपन 2026’
रायपुर, नवा रायपुर में 15 सितंबर से गोल्फ के रोमांच की शुरुआत होगी। फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। खास बात यह है कि कार्यक्रम में क्रिकेट लीजेंड और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव के साथ सीईओ अमनदीप जौहल भी मौजूद रहेंगे।
शाम 3:05 बजे सेरेमोनियल टी-ऑफ के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक आगाज होगा। इसके बाद खिलाड़ियों से मुलाकात और ट्रॉफी अनावरण का कार्यक्रम रखा गया है। उद्घाटन के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री और आयोजन से जुड़े अतिथि प्रतियोगिता की खासियत और इसके उद्देश्यों की जानकारी देंगे।
आयोजन का फोकस सिर्फ गोल्फ प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है। इसके जरिए नवा रायपुर को देश के प्रमुख गोल्फ और स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन के तौर पर स्थापित करने की कोशिश है। साथ ही प्रदेश के युवा और उभरते खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और खेल सुविधाओं के लिए पहचान बना रहा नवा रायपुर इस आयोजन के जरिए देशभर के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का ध्यान खींच सकता है। इससे प्रदेश में गोल्फ के साथ खेल पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।