ग्राम छुई पहुंचे डिप्टी CM विजय शर्मा, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं; पंचायत भवन और मिडिल स्कूल की घोषणा
कबीरधाम, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम छुई पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं और विकास से जुड़ी मांगें सुनीं। इस दौरान उन्होंने गांव में नया पंचायत भवन और मिडिल स्कूल भवन बनाने की घोषणा की।
ग्रामीणों से बातचीत में विजय शर्मा ने कहा कि गांव के विकास की प्राथमिकताएं स्थानीय लोगों की जरूरतों के आधार पर तय होनी चाहिए। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और ग्रामीणों से विकास कार्यों में भागीदारी की अपील की।
50 स्कूलों में स्मार्ट क्लास, 35 और स्कूल होंगे शामिल
उप मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर बताया कि क्षेत्र के 50 स्कूलों में स्मार्ट क्लास तैयार किए जा चुके हैं, जबकि 35 और स्कूलों में स्मार्ट क्लास शुरू किए जाएंगे। दो-तरफा संवाद की सुविधा के जरिए एक जगह से कई स्कूलों के विद्यार्थियों को पढ़ाने की व्यवस्था होगी।
इससे विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञों की कक्षाओं के साथ आगे की पढ़ाई और करियर को लेकर मार्गदर्शन भी मिल सकेगा। NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
बेटियों के लिए सुविधाएं और मुक्तिधाम निर्माण पर जोर
‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ के तहत स्कूलों में बालिकाओं के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात भी उप मुख्यमंत्री ने कही। जिन स्कूलों में बालिका शौचालय नहीं हैं, वहां निर्माण की स्वीकृति दी जाएगी। इसके अलावा जिन गांवों में मुक्तिधाम की सुविधा नहीं है, वहां शेड निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
पीएम आवास हितग्राहियों से घर पहुंचकर मिले
ग्राम छुई में विजय शर्मा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी रंभा हठीले और होमित हठीले के घर भी पहुंचे। उन्होंने आवास निर्माण और योजना से मिले लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि योजना के जरिए जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सम्मानजनक घर उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है।
17 सितंबर को घर-घर जलाने की अपील
उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से 17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर घर के बाहर दीप जलाकर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दें तथा देश के विकास और सेवा के संकल्प में भागीदार बनें।