फुटबॉल खिलाड़ियों को राज्यपाल डेका ने किया सम्मानित
रायपुर। नवभारत परिवार की ओर से आयोजित 17वीं अखिल भारतीय फुटबॉल एवं जिला स्तरीय विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ। राज्यपाल रमेन डेका समारोह में शामिल हुए और फाइनल मुकाबले के बाद विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
अखिल भारतीय प्रतियोगिता के फाइनल में तमिलनाडु पुलिस ने दल्लीराजहरा माइंस को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में सेंट जेवियर्स स्कूल भरनी ने नवीन पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर को हराकर विजेता का खिताब जीता।
खेल से अनुशासन और करियर के अवसर
राज्यपाल रमेन डेका ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल अब करियर का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन चुके हैं और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।
उन्होंने फुटबॉल का उदाहरण देते हुए कहा कि टीम के हर खिलाड़ी की अपनी भूमिका होती है और लक्ष्य हासिल करने के लिए एक-दूसरे का सहयोग जरूरी है। नियमों का सम्मान और आखिरी क्षण तक प्रयास करते रहना ऐसे गुण हैं, जो खेल के साथ जीवन में भी काम आते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण मंच हैं। इन्हीं प्रतियोगिताओं से खिलाड़ी आगे चलकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को लगातार जारी रखने की जरूरत बताई, ताकि ज्यादा से ज्यादा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिल सके।
समापन समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।