कबीरधाम में निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा, हजारों लोगों ने लिया विकसित भारत का संकल्प
कवर्धा। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को कबीरधाम में भव्य सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन समेत जनप्रतिनिधियों और हजारों नागरिकों ने यात्रा में हिस्सा लिया। यात्रा के जरिए सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत-2047 का संदेश दिया गया।
यात्रा से पहले शासकीय पीजी कॉलेज के डोम में कार्यक्रम आयोजित हुआ। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संबोधन को लोगों ने सुना। इसके बाद सेवा ज्योति यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए सेवा ज्योति चौक पहुंची। यात्रा में युवा, महिलाएं, सामाजिक संगठनों के सदस्य और वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
‘संकल्प मजबूत हो तो बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है’
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन और देश को आगे ले जाने की यात्रा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब इसके साथ विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित कबीरधाम का भी संकल्प जुड़ा हो।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य बड़ा हो सकता है और रास्ता मुश्किल, लेकिन मजबूत संकल्प के साथ मंजिल हासिल की जा सकती है। सेवा ज्योति यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जिले के विकास और जनभागीदारी का संकल्प है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की शक्ति साथ हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
हिंसा की जगह विकास और बंदूक की जगह शिक्षा-रोजगार पहुंचे
विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार का संकल्प स्पष्ट है कि हिंसा की जगह विकास, भय की जगह विश्वास और बंदूक की जगह शिक्षा, रोजगार और अवसर पहुंचें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि पूरे देश का सामूहिक संकल्प है। इसमें कबीरधाम और छत्तीसगढ़ के हर नागरिक की भूमिका अहम है।
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के जरिए सेवा और जनभागीदारी की भावना को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा को उत्सव और उत्सव को सेवा का माध्यम बनाना ही अभियान की मूल भावना है। जिले में सेवा सेतु, स्वच्छता, रंगोली समेत कई गतिविधियों में लोग उत्साह से भाग ले रहे हैं।
फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सिर्फ कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों तक पहुंचकर जनसेवा को मजबूत करना है। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने ‘हम करेंगे—वी विल डू इट’ के संकल्प के साथ विकसित भारत-2047 के निर्माण में भागीदारी का संकल्प लिया।