शौर्य दिवस समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने शहीद परिवारों का किया सम्मान
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने रायगढ़ के शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में आयोजित शौर्य दिवस समारोह में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों का सम्मान किया। यह आयोजन शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से किया गया था। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है और उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि देश की संप्रभुता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के लिए जवानों का त्याग हमेशा याद रखा जाएगा। एक सैनिक के बलिदान में उसके पूरे परिवार का त्याग शामिल होता है। इसलिए शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग केवल किसी आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके सुख-दुख में सहभागी बनना भी हमारा दायित्व है।
राज्यपाल ने नक्सलवाद के विरुद्ध छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना करते हुए जवानों के साहस और समर्पण को नमन किया। उन्होंने युवाओं से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेने और उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्रभक्ति के गुणों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सच्ची देशभक्ति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने और राष्ट्र के विकास में योगदान देने में है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने भारतीय सेना में जाने के इच्छुक विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की। इनमें सैनिक स्कूल के पांच विद्यार्थी, कक्षा 9वीं के तीन विद्यार्थी तथा ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी चेन्नई और भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून के प्रशिक्षु शामिल थे। समारोह में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, ब्रिगेडियर आर. शंकर, कमांडेंट अजय सिंह बिसेन सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।