बोड़ला में 60 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, कॉलेज में बढ़ेंगी डिजिटल सुविधाएं
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 40 लाख रुपये के अतिरिक्त कार्यों की घोषणा की
कॉलेज में स्मार्ट बोर्ड, इंटरनेट और एआई सुविधाओं के विस्तार की पहल, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन कोचिंग पर भी जोर
रायपुर, कबीरधाम जिले के बोड़ला में प्रशासनिक सुविधाओं और उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के लिए 60 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने एसडीएम कार्यालय परिसर में 30 लाख रुपये की लागत से सभा कक्ष सह सामुदायिक शौचालय और शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में 30 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में 40 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा भी की।
40 लाख के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा
उप मुख्यमंत्री द्वारा घोषित कार्यों में कॉलेज में बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए 15 लाख रुपये, बालिका शौचालय के लिए 4.60 लाख रुपये, ग्राम भीरा में मंगल भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये और सीसी रोड निर्माण के लिए 10.40 लाख रुपये शामिल हैं। इन कार्यों से स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा।
इसके साथ ही शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में स्मार्ट बोर्ड, इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित तकनीक की सुविधाएं विकसित करने की पहल की जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण संसाधन उपलब्ध कराना और पढ़ाई को अधिक सुविधाजनक बनाना है।
विद्यार्थियों को एआई और डिजिटल तकनीक से जोड़ने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग ज्ञान बढ़ाने, क्षमताओं के विकास और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी तकनीक के स्वामी बनें, तकनीक उनकी स्वामी न बने।
उन्होंने चैटजीपीटी, जेमिनाई, ग्रोक और परप्लेक्सिटी जैसे एआई टूल्स का उपयोग पढ़ाई और रचनात्मक कार्यों को बेहतर बनाने के लिए करने की बात कही। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को अपने संस्कारों और मूल्यों को बनाए रखने की सलाह दी।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के 85 स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड लगाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इनमें 50 स्थानों पर स्मार्ट बोर्ड लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष 35 स्थानों पर इन्हें लगाने की योजना है। छात्रावासों और महाविद्यालयों में भी डिजिटल सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है।
स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से विज्ञान, गणित, भौतिकी और रसायन विज्ञान जैसे विषयों की जटिल अवधारणाओं को वीडियो और डिजिटल सामग्री की मदद से समझने में विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग की पहल
विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता देने के लिए ऑनलाइन कोचिंग और काउंसलिंग की सुविधा विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत एनडीए, सीजीपीएससी, यूपीएससी, कर्मचारी चयन आयोग और नीट जैसी परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का प्रयास किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से नई तकनीक सीखने और उसका विवेकपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास, अभ्यास, नवाचार और सकारात्मक सोच के माध्यम से विद्यार्थी अपने लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष बालका रामकिंकर वर्मा, नगर पंचायत बोड़ला अध्यक्ष विजय पाटिल, बरसाती लाल वर्मा, छोटूराम चंद्रवंशी, मोहन धुर्वे, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, जिला पंचायत सदस्य ललिता रूपसिंग धुर्वे, कांशीराम उईके, सरपंच रेशमा बाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।