घरेलू हिंसा को नजरअंदाज करना ठीक नहीं, मानव तस्करी पर रोक के लिए सख्त कार्रवाई जरूरी : राज्यपाल
रायपुर, राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा गंभीर सामाजिक समस्याएं हैं, जिन पर रोक लगाने के लिए कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन और समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। घरेलू हिंसा को किसी भी स्थिति में सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे मामलों का निष्पक्षता और गंभीरता से निराकरण होना चाहिए।
राज्यपाल रविवार को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषयक प्रशिक्षण सह कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी अब गंभीर रूप ले चुकी है। इसके पीछे कई कारण सामने आ रहे हैं, जिनमें मानव अंगों की मांग भी शामिल है। इस समस्या से निपटने के लिए संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय करना आवश्यक है।
घरेलू हिंसा के मुद्दे पर राज्यपाल ने कहा कि इसका शिकार केवल गृहिणियां ही नहीं, बल्कि कामकाजी महिलाएं भी होती हैं। अशिक्षा और बेरोजगारी जैसी परिस्थितियां भी इस समस्या को बढ़ा सकती हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा का प्रभाव केवल पीड़ित व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसे रोकने के लिए जागरूकता, पारिवारिक नैतिक मूल्यों और जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग पर ध्यान देना होगा।
राज्यपाल ने पुलिस, न्यायपालिका, महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता जताई। उन्होंने मीडिया को समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि कार्यशाला में होने वाली चर्चाओं और सुझावों को धरातल पर लागू करना भी जरूरी है।
कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के साथ मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित राज्य महिला आयोग के सदस्य और पुलिस, न्यायपालिका तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।