देश की विविधता ही सबसे बड़ी ताकत, युवाओं के कंधों पर विकसित भारत की जिम्मेदारी : अरुण साव
रायपुर, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है। देश के युवाओं में इतनी क्षमता और आत्मविश्वास है कि वे भारत को विश्व में अग्रणी बना सकते हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। वे नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में ‘वंदे मातरम शिविर’ के तहत छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए छह राज्यों के युवाओं से मुलाकात कर रहे थे।
भारत सरकार के ‘वंदे मातरम शिविर’ के तहत त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से 150 युवा 17 से 23 नवंबर तक छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहे। सप्ताहभर के भ्रमण के दौरान युवाओं ने प्रदेश की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक धरोहर और विकास कार्यों को करीब से जाना। प्रवास के अंतिम दिन उन्होंने उप मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए।
अरुण साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश में हर 20-25 किलोमीटर पर भाषा, खानपान और वेशभूषा बदल जाती है, लेकिन इसके बावजूद सभी भारतीय एक हैं। यही विविधता देश की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से युवाओं ने केवल नए दोस्त ही नहीं बनाए, बल्कि अलग-अलग राज्यों के लोगों के साथ परिवार जैसा रिश्ता भी जोड़ा है। यही आपसी जुड़ाव ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में चुनौतियां आती रहती हैं, लेकिन आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की भावना से हर कठिनाई का सामना किया जा सकता है। युवाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ देश की संस्कृति, सभ्यता, परंपराओं और विरासत का ज्ञान भी होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और देश के गौरव को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
सात दिवसीय शिविर के दौरान युवाओं ने नवा रायपुर स्थित आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांगन, विधानसभा और ऐतिहासिक स्थल सिरपुर का भ्रमण किया। इसके अलावा राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की और रायपुर स्थित सियान गुड़ी वृद्धाश्रम एवं बालिका गृह पहुंचकर बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ समय बिताया। शिविर में डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता जैसे विषयों पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए।
शिविर में रंगोली प्रतियोगिता, विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खाद्य महोत्सव और छत्तीसगढ़ के जेठौनी तिहार (तुलसी विवाह) की झलकियों के माध्यम से सांस्कृतिक आदान-प्रदान किया गया। इस अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat) के राज्य समन्वयक अर्पित तिवारी भी मौजूद रहे।