गोंडा में 520 करोड़ की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री बोले- सपा सत्ता में आई तो प्रदेश में दंगे और अपराध बढ़े, छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य
गोंडा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोंडा जिले के छपिया विकासखंड की ग्राम पंचायत तेजपुर में आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा जब भी सत्ता में आई, उत्तर प्रदेश में तबाही लाई। उसके शासनकाल में दंगे, कर्फ्यू और अपराध का माहौल रहा, जबकि वर्तमान में प्रदेश के लोग निर्भय होकर पर्व-त्योहार मना रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौरा और मनकापुर विधानसभा क्षेत्रों में 520 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र और अन्य सामग्री वितरित की।
दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सनातन धर्मावलंबियों को अपने घरों में मां दुर्गा की पूजा करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। उनके अनुसार, इस वर्ष नवरात्र में प्रदेशभर में 67 हजार दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गईं। उन्होंने कहा कि किसी को पूजा से परेशानी है तो वह अपने घर में शोक मनाए, लेकिन दूसरों को परेशान न करे। योगी ने कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि पहले इसमें बाधाएं खड़ी की जाती थीं, जबकि अब गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच साढ़े चार करोड़ श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल हुए।
रामभक्तों पर गोली चलाने की घटना का किया जिक्र
दो नवंबर 1990 की घटना को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी दिन अयोध्या में तत्कालीन सरकार ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने रामभक्तों पर गोली चलवाई, जबकि भाजपा सरकार ने राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार आस्था को सम्मान देने के साथ विकास कार्यों को भी आगे बढ़ा रही है।
गोंडा में 16 हजार करोड़ की परियोजनाएं, तीन हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले विकास का मतलब केवल सैफई तक सीमित था, लेकिन अब प्रदेश के सभी 75 जिलों में विकास योजनाएं पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि बीते साढ़े नौ वर्षों में गोंडा जिले के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक और देवीपाटन मंडल के लिए करीब 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। वर्ष 2023 में गोंडा को तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे, जिनमें कई परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने जिले में मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय की स्थापना का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बहराइच में महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज बन चुका है और बलरामपुर में अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है। गोंडा-अयोध्या और बलरामपुर-गोंडा मार्ग के चौड़ीकरण को भी केंद्र से मंजूरी मिल चुकी है।
छह महीने में एक लाख युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार की कार्ययोजना का जिक्र करते हुए कहा कि अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 12 से 15 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। इसी सप्ताह साढ़े चार हजार दारोगाओं, दीपावली के बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबलों और इसके बाद 42 हजार होमगार्डों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश में साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।
उन्होंने यह भी कहा कि चार वर्ष की सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, वन और कारागार समेत विभिन्न विभागों की नौकरियों में 20 प्रतिशत आरक्षण और बिना परीक्षा सीधी भर्ती का लाभ दिया जाएगा। पदक विजेता खिलाड़ियों को भी डिप्टी एसपी और खेल अधिकारी जैसे पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं।
बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से समझौता नहीं
मुख्यमंत्री ने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम के अलावा कोई तीसरी जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि अब माफिया विकास योजनाओं में बाधा नहीं बन सकते। गोंडा के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे महानगरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि निवेश से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। किसानों की आय बढ़ाने के लिए पराली और गोबर से कंप्रेस्ड बायोगैस परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की बात भी कही। इसके अलावा बाबा पृथ्वीनाथ, मां बाराही और स्वामीनारायण छपिया जैसे धार्मिक स्थलों के विकास का उल्लेख किया।
लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र और आवास की चाबी सौंपी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, प्रमाण पत्र और सामग्री वितरित की। आयुष्मान भारत योजना के तहत रामप्रताप को पांच लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा का प्रतीकात्मक कार्ड और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से संगीता को 85 हजार रुपये का डेमो चेक दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थी घनश्याम को आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह से जुड़ी रेनू वर्मा को 12.73 करोड़ रुपये का डेमो चेक दिया गया। वहीं, श्रम विभाग की योजना के तहत झिनकना देवी को दो लाख रुपये का चेक, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत बीनू पांडेय को 1.19 लाख रुपये और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत मुश्ताक अहमद को 5.60 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया। कृषि विभाग की एसएमएएम योजना के लाभार्थी शकुंतला को ट्रैक्टर की चाबी भी सौंपी गई।
मुख्यमंत्री ने विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों का अन्नप्राशन कराया और उन्हें चॉकलेट व खिलौने दिए। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई में शामिल होकर पोषण किट वितरित कीं तथा दिव्यांग महिलाओं को ट्राईसाइकिल और उपहार दिए। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, सांसद करण भूषण सिंह, विधायक रमापति शास्त्री और प्रभात वर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सात नवंबर को होने वाले दीपोत्सव के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां बांटने की अपील भी की।