गोशाला में दिखा सीएम योगी का गोवंश के प्रति स्नेह, गुड़-रोटी खिलाकर की गोसेवा
गोवंश को पास आता देख बोले मुख्यमंत्री- ‘उधर चलो, नहीं तो चोट लग जाएगी’; गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में बिताया समय
गोरखपुर, गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में सोमवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गोवंश के प्रति स्नेह देखने को मिला। गोसेवा के दौरान जब कई गोवंश उनके करीब आने लगे तो मुख्यमंत्री ने उन्हें प्यार से समझाते हुए कहा, ‘चलो-चलो, उधर चलो, नहीं तो चोट लग जाएगी।’ उनकी आवाज सुनकर गोवंश दूसरी ओर चले गए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से उन्हें गुड़ और रोटी खिलाई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान दिनचर्या सोमवार सुबह भी परंपरागत रही। उन्होंने सबसे पहले मंदिर में शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर पहुंचकर शीश झुकाया और उनका आशीर्वाद लिया।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोवंश को दुलारा और काफी समय उनके बीच बिताया। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से गायों को गुड़-रोटी खिलाकर गोसेवा की। इस दौरान गोवंश के प्रति उनका स्नेहिल व्यवहार देखने को मिला।