मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ सुनी ‘मन की बात’
रायपुर, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रायपुर की मानव बस्ती स्थित शासकीय वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी सुनी। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, स्थानीय उत्पादों और युवाओं की सकारात्मक भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती में महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। खेती और आजीविका में उनकी बढ़ती भागीदारी आर्थिक सशक्तिकरण को भी मजबूती दे रही है।
त्योहारों के मौसम को देखते हुए प्रधानमंत्री ने लोगों से स्थानीय उत्पाद खरीदने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने और प्रदूषण कम करने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में युवाओं की सकारात्मक भूमिका को रेखांकित करते हुए जनभागीदारी के महत्व का संदेश दिया गया।